
Product Constable Recruitment: झारखंड के बहुचर्चित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में जेल में बंद तीन आरोपियों उत्तम कुमार, लफाज खान और रामजी अंसारी को अदालत से जमानत मिल गई है। यह आदेश अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने दिया।
इस मामले में अब तक कुल 158 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। गौरतलब है कि 11 अप्रैल को पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में छापेमारी कर 166 लोगों को गिरफ्तार किया था।
जांच में यह सामने आया था कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह का मामला है, जिसमें कई मुख्य आरोपी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न और उत्तर रटवाने का काम कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को एक अर्धनिर्मित भवन में इकट्ठा किया गया था। उनके मोबाइल फोन और एडमिट कार्ड भी जब्त कर लिए गए थे, और कुछ से बैंक चेक भी गिरोह के नाम पर लिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहे कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच अभी भी जारी है।

