
सिमडेगा : सिमडेगा जिले में अपराधियों के हौसले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवाटोली गांव में अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला पीडीएस डीलर को गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाश अचानक घर में घुस आए और महिला को गोली मार दी। घटना इतनी जल्दी हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के बाद परिवार वालों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

