

रांची: राजधानी रांची में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा जयपाल सिंह स्टेडियम के बाहर हुई चोरी की घटना से लगाया जा सकता है। यहां शातिर चोरों ने आम लोगों के साथ-साथ पुलिस को भी निशाना बना लिया। चुटिया थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक निरंजन कुमार महतो की नीले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक स्टेडियम के मुख्य द्वार के बाहर से चोरी हो गई। घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। बाइक चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान करने के साथ-साथ चोरी हुई बाइक को बरामद करने की कोशिश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।





