
Garhwa News: गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के चेरवाडीह गांव में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद के दौरान मारपीट की सूचना पुलिस को मिली थी।
जानकारी के अनुसार, गांव में 8 हजार रुपये के बकाया को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। गिरफ्तार युवक की पहचान अशोक कुमार (32) के रूप में हुई है, जो गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जानकारी एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।

