
सीएसआर फंड से छह महीने में बदलेगी मठ की सूरत
रांची : रामगढ़ के गोला प्रखंड में स्थित बनतारा के बौद्ध मठ के दिन फिरनेवाले हैं। करीब 40 लाख की लागत से इस मठ का जीर्णोद्धार होगा। इसके जीर्णोद्धार का काम छह माह में पूरा हो जायेगा। सीएसआर फंड से इसका जीर्णोद्धार होगा। इस मठ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को श्रीदेव सिंह के नेतृत्व में आइटीआरएचडी की टीम ने इसका निरीक्षण किया। कंजरवेशन एक्सपर्ट और आइटीआरएचडी के राज्य प्रमुख श्रीदेव सिंह ने बताया कि यह एक मुगलकालीन बौद्ध मठ है और देखरेख के अभाव में इसकी स्थिति दयनीय हो गयी है।

यह मठ बोधगया के स्तूप से मिलता-जुलता है और इस मठ के गुंबद की दो दीवारों पर भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं उकेरी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां भगवान बुद्ध के अनुयायी आते-जाते रहते हैं। मठ के अंदरुनी हिस्से में ताखे बने हुए हैं जिनको देखने से लगता है कि यहां से कुछ मूर्तियां हटायी गयी हैं। श्रीदेव सिंह ने बताया कि मठ सूर्खी चूना, स्थानीय पत्थर और लाखौरी ईंट से निर्मित है।बौद्ध मठ की तर्ज़ पर बना ये विरासत स्थल स्थानीय लोगों के बीच पूज्य स्मारक हैl मठ के निरीक्षण के क्रम में आर्किटेक्ट अरुण रंजन, चंदन कुमार, अजय कुमार मुखर्जी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


