
खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र से हत्या की खबर सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अपराधियों ने देर रात खूनी वारदात को अंजाम दिया। पदमपुर गांव में घर में घुसकर बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक का नाम हेरमन होरो बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दो अपराधी अचानक घर में घुसकर हेरमन होरो पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अपराधियों ने उनके सीने में तीन गोलियां मारीं, जिससे उसी समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल, हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

