देवघर में वज्रपात का कहर, घर के अंदर मौजूद 12 वर्षीय बच्चे समेत तीन मवेशियों की दर्दनाक मौत

देवघर में आसमानी आफत का कहर, वज्रपात ने मासूम समेत चार जिंदगियां छीनी।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर : झारखंड के देवघर जिले में प्रकृति का भयावह कहर देखने को मिला है। जिले के चितरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया बावरी पाड़ा गांव में बुधवार शाम हुए भीषण वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय मासूम बच्चे सहित तीन मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अंकित बावरी (12 वर्ष) मिलन बावरी का पुत्र था और छठी कक्षा में पढ़ाई करता था। बुधवार शाम इलाके में तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच अचानक जोरदार वज्रपात हुआ। उस समय अंकित बारिश से बचने के लिए अपने घर के अंदर मौजूद था। इसी दौरान बिजली सीधे घर पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।

वज्रपात इतना भयावह था कि घर में बंधे दो बैल और एक बकरे ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना देने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही चितरा थाना के एसआई शेतलाल बारला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं, इस दुखद घटना के बाद जमुआ की मुखिया नीतू कुमारी, आदित्य सिंह, सिंधु सिंह, तारापद अड्डी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

लगातार बदलते मौसम और बढ़ती वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।