
अमेरिका में एक व्यक्ति की किस्मत उस समय चमक गई, जब उसे अपनी पुरानी पैंट की जेब में रखा हुआ एक भूला हुआ लॉटरी टिकट मिल गया। खास बात यह रही कि टिकट कुछ ही दिनों बाद एक्सपायर होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उस व्यक्ति ने करोड़ों रुपये का जैकपॉट जीत लिया।
पेट्रोल स्टेशन से खरीदी थी टिकट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यू जर्सी के रहने वाले इस व्यक्ति ने पिछले साल मई में एक पेट्रोल स्टेशन से लॉटरी टिकट खरीदी थी। वह अक्सर उसी पेट्रोल पंप पर जाया करता था। टिकट खरीदने के बाद उसने उसे कहीं रख दिया और फिर पूरी तरह भूल गया।
महीनों बाद जेब में मिला टिकट
कई महीनों तक उस व्यक्ति को इस बात का अंदाजा ही नहीं था कि उसके पास जैकपॉट जीतने वाला टिकट मौजूद है। हाल ही में जब वह अपनी पुरानी पैंट देख रहा था, तब उसे जेब में रखा हुआ टिकट मिला। टिकट की वैधता खत्म होने में केवल कुछ दिन बाकी थे।
रिपोर्ट के अनुसार उस टिकट पर 5.9 मिलियन डॉलर यानी लगभग 57 करोड़ रुपये का इनाम निकला था। इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर सुनकर व्यक्ति खुद भी हैरान रह गया।
लॉटरी विभाग की घोषणा से आया ध्यान
पिछले महीने लॉटरी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से बताया था कि एक बड़ा इनाम अब तक क्लेम नहीं किया गया है और उसकी समय सीमा जल्द समाप्त होने वाली है। यह खबर सुनते ही उस व्यक्ति को शक हुआ, क्योंकि टिकट उसी पेट्रोल स्टेशन से खरीदी गई थी जहां वह नियमित रूप से जाता था।
सोशल मीडिया पर चर्चा
यह अनोखी घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग इसे किस्मत का खेल बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स मजाक में अपनी पुरानी जेबें और अलमारियां भी जांचने की बात कर रहे हैं।

