

दक्षिण भारतीय फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने अंतरराष्ट्रीय फैशन ब्रांड जारा (Zara) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए शिकायत करते हुए कहा कि ब्रांड से मिले कपड़ों में पसीने जैसी बेहद तेज और असहज बदबू आ रही थी। अभिनेत्री ने इस अनुभव को “बेहद घिनौना” बताते हुए अपनी नाराजगी सार्वजनिक रूप से जाहिर की।





पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
तृषा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ किया कि उनके साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि पहले भी उन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था। उन्होंने जारा से अपने उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग प्रक्रिया की गंभीरता से जांच करने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी ग्राहक को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।
ब्रांड को टैग कर उठाए सवाल
अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में जारा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी टैग किया। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा, “कम से कम कपड़े पैक करने से पहले उन्हें सूंघ तो लिया करो।” तृषा की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई यूजर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। हालांकि, खबर लिखे जाने तक जारा की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
