नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन झारखंड को नई पहचान देगा: राकेश सिन्हा

कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन झारखंड को 2050 तक अग्रणी राज्य बनाने, निवेश बढ़ाने, रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Rakesh Sinha : कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन झारखंड के विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड को वर्ष 2050 तक देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने का दूरदर्शी प्रयास है।

सिन्हा ने कहा कि आज जब देश के भाजपा शासित राज्यों के युवा रोजगार की तलाश में पलायन करने को मजबूर हैं, तब झारखंड सरकार राज्य में ही रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित करने के लिए ठोस नीतियों के साथ आगे बढ़ रही है। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में नई नीति, रांची आईटी पार्क का विस्तार तथा गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ संभावित सहयोग राज्य के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नई पर्यटन नीति झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थलों, जलप्रपातों, वन क्षेत्रों और आदिवासी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का माध्यम बनेगी। इससे पर्यटन उद्योग को गति मिलेगी, स्थानीय हस्तशिल्प, होटल, परिवहन और छोटे व्यवसायों का विस्तार होगा तथा हजारों युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।

सिन्हा ने कहा कि नई झारखंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी और डिजिटल सिंगल विंडो व्यवस्था उद्योगों के लिए पारदर्शी एवं सुगम माहौल तैयार करेगी। बड़े औद्योगिक निवेश से राज्य में नए विनिर्माण केंद्र स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कांग्रेस की स्पष्ट नीति है कि झारखंड के संसाधनों का सबसे बड़ा लाभ झारखंड के लोगों को मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नई टेक्सटाइल नीति विशेष रूप से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस नीति के तहत लगभग 20 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है तथा महिलाओं को वस्त्र उद्योग में काम करने के लिए विशेष प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

सिन्हा ने कहा कि वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड को केवल खनिज संपदा के दोहन का केंद्र बनाकर रखा, जबकि कांग्रेस की सोच झारखंड को ज्ञान, कौशल, तकनीक, उद्योग और पर्यटन आधारित आधुनिक अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित करने की है। यही कारण है कि हेमंत सोरेन सरकार निवेश, नवाचार और रोजगार को विकास के केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन से प्राप्त सुझाव आने वाले वर्षों की नीतियों का आधार बनेंगे और झारखंड को निवेश, औद्योगिक विकास, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी प्रगति तथा रोजगार सृजन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। कांग्रेस को विश्वास है कि यह पहल झारखंड के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने और राज्य को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।