
SSC GD Exam 2026 : राजधानी रांची में SSC (GD/Constable) CAPF परीक्षा-2026 के दौरान रिमोट एक्सेस के जरिए नकल कराने की कथित साजिश का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित डोल बगीचा के जीनियस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परीक्षा केंद्र में हुई कार्रवाई में पुलिस ने एक परीक्षार्थी, इनविजिलेटर, सेंटर हेड और आईटी कर्मी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शुक्रवार को बताया कि 21 मई को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र में कंप्यूटर सिस्टम हैक कर नकल कराने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद विशेष छापेमारी टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
रिमोट एक्सेस और स्क्रीन मिररिंग से नकल का आरोप
जांच के दौरान पता चला कि परीक्षा शुरू होने से पहले एक परीक्षार्थी ने नियमों के खिलाफ कंप्यूटर सिस्टम को रीस्टार्ट किया था। तकनीकी जांच में सिस्टम को रिमोट एक्सेस के जरिए नियंत्रित करने, स्क्रीन मिररिंग और संभावित हैकिंग की कोशिश सामने आई।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार परीक्षार्थी मृत्युंजय कुमार यादव और इनविजिलेटर संजीत कुमार ने कथित रूप से स्वीकार किया कि परीक्षा केंद्र के सामने किराए के मकान से सिस्टम को इंटरनेट और आईपी के माध्यम से नियंत्रित किया जाता था। पुलिस के अनुसार, उस मकान में सेंटर हेड विकास कुमार और आईटी कर्मी मुन्ना राज रहते थे।
6 से 10 लाख रुपये लेकर पास कराने का आरोप
पुलिस ने विकास कुमार और मुन्ना राज को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से कंप्यूटर मॉनिटर, CPU, ब्रॉडबैंड डिवाइस, मोबाइल फोन, बैंक चेक, एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परीक्षा पास कराने के नाम पर बिचौलियों के जरिए 6 से 10 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। पुलिस को इस पूरे मामले में एक संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इस संबंध में टाटीसिलवे थाना कांड संख्या 58/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

