
BJP Palamu : भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के तहत पलामू के महाराजा पैलेस में जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को लेकर मार्गदर्शन दिया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी अधिक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर संगठन के प्रति निष्ठा, वैचारिक स्पष्टता, सेवा भाव और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा और सेवा भावना को मजबूत करने का अभियान है। प्रशिक्षण वर्गों के जरिए कार्यकर्ता न सिर्फ पार्टी की नीतियों, बल्कि व्यावहारिक कार्ययोजना से भी परिचित होते हैं।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को सेवा भाव, जनसंपर्क और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का विचार आज भी कार्यकर्ताओं को जनहित में काम करने की प्रेरणा देता है।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक आलोक चौरसिया और शशिभूषण मेहता, पूर्व विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, पुष्पा देवी, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

