
Koderma News : कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का एक मामला उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद पंचायत बैठी और सामाजिक दबाव के बीच दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई। हालांकि, बाद में युवक ने थाने पहुंचकर इस शादी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला उलझ गया है।
जानकारी के अनुसार, सतगावां थाना क्षेत्र के ईटाय गांव निवासी रौशन कुमार और पचौड़ी गांव की काजल कुमारी की पहचान करीब पांच महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। बताया गया कि गुरुवार रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था।
इसी दौरान युवती के परिजनों ने दोनों को देख लिया, जिसके बाद घर में हंगामा शुरू हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए और कुछ ही देर में गांव में पंचायत बैठ गई। ग्रामीणों ने सामाजिक प्रतिष्ठा और विवाद से बचने का हवाला देते हुए दोनों की शादी कराने का फैसला लिया।
शुक्रवार सुबह गांव के पास स्थित घोडसीमर मंदिर में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई। इस दौरान काफी देर तक गांव में गहमागहमी का माहौल बना रहा और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश भी हुई।
मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब शादी के बाद युवक और युवती सतगावां थाना पहुंचे। वहां युवक रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने दबाव बनाकर जबरन शादी कराई और उसने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। दोनों की उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि युवक-युवती बालिग पाए जाते हैं, तो आगे की कार्रवाई उनके बयान और इच्छा के आधार पर की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

