चार दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे US विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऊर्जा और क्वाड पर होगी अहम चर्चा

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे। पीएम मोदी से मुलाकात, क्वाड बैठक और ऊर्जा सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने वाली है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता : अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत की अपनी चार दिवसीय यात्रा पर शनिवार को कोलकाता पहुंचे। उनकी इस यात्रा की शुरुआत ऐसे शहर से हो रही है, जो राजनीतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। अमेरिका के किसी विदेशी मंत्री का 14 साल बाद कोलकाता में आगमन हुआ है। इससे पहले मई 2012 में अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कोलकाता का दौरा किया था। रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन के रूप में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”विदेश मंत्री मार्को रुबियो कोलकाता पहुंच चुके हैं। यह उनकी भारत की पहली यात्रा है। आज बाद में हम नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। आने वाले दिनों में व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, क्वाड और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी तथा सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।” अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, रुबियो मध्य कोलकाता में स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ और शहर के एक बाल गृह का दौरा भी करेंगे। रुबियो 23 से 26 मई तक भारत यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनका आगरा, जयपुर और नयी दिल्ली जाने का भी कार्यक्रम है। इस दौरे को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें भारत के साथ ऊर्जा सहयोग पर चर्चा और क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक प्रस्तावित है। भारत रवाना होने से पहले रुबियो ने मियामी में संवाददाताओं से कहा, ”हम चाहते हैं कि भारत जितनी अधिक ऊर्जा खरीद सके, उतनी हम उसे बेचें। अमेरिकी उत्पादन और निर्यात इस समय ऐतिहासिक स्तर पर है।”

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।