
तमाड़ : झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद शनिवार को रांची जिले के तमाड़ प्रखंड स्थित प्रसिद्ध मां देवड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर मां देवड़ी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा राज्य की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा भी मंत्री योगेंद्र प्रसाद के साथ मौजूद रहे। मंदिर परिसर में दोनों नेताओं ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। मंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
पूजा-अर्चना के बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद बुंडू प्रखंड स्थित एक निजी रिसॉर्ट पहुंचे, जहां क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की सहभागिता रही।
मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

