
Jamtara Cyber Crime : झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में विष्णु मंडल के घर पर छापा मारकर दो आरोपियों को ऑनलाइन ठगी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इसके अलावा सियाटॉड और झिलुवा जंगल क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में छापेमारी कर दो और साइबर अपराधियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास और विश्वजीत दास के रूप में हुई है। विश्वजीत दास मूल रूप से दुर्गापुर का रहने वाला है और फिलहाल लोकनियां गांव में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डेबिट और क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे। इसके बाद वे बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर PhonePe और Google Pay के जरिए ठगी को अंजाम देते थे।
इसके अलावा आरोपी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर भी लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 29/26 और 30/26 दर्ज किया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय था। वहीं सागर नायक और किशोर दास पहले भी साइबर अपराध के मामलों में आरोपित रह चुके हैं।

