
Ranchi Chain Snatching : राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। किशोरगंज इलाके में एक महिला से सोने की चैन छीनने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने वाले अपराधी सुबह वारदात कर फरार हुए थे, लेकिन शाम तक पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने इस मामले में रोहित कुमार ठाकुर, रोहित राज और अमन सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल थे।
एक आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित कुमार ठाकुर का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और वह पहले भी 9 मामलों में जेल जा चुका है। वहीं रोहित राज के खिलाफ भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सोने की चैन और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चैन, चोरी के झुमके समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रांची पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे शहर में बढ़ रही छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

