झारखंड में अभी नहीं थमेगी बारिश! 14 सितंबर तक अलर्ट, इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का खतरा

झारखंड में 14 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी का सिस्टम सक्रिय होगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग ने 14 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

आज कई जगह बारिश और वज्रपात का अलर्ट

 9 सितंबर को झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बोकारो और धनबाद समेत दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राजधानी रांची में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

10 और 11 सितंबर को भी अलर्ट

10 सितंबर को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। इन इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं, 11 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

14 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

12 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है। इसके बाद 13 और 14 सितंबर को भी कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इन दिनों भी वज्रपात का खतरा बना रहेगा।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। तापमान में इस गिरावट से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।