सम्मेलन के दौरान सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। संगठन की मजबूती, क्षेत्र की जनसमस्याओं और तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंडों में विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और जनता के साथ निरंतर संवाद में होती है।
इस मौके पर सुदेश महतो ने राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कहा कि धीरे-धीरे भ्रम दूर होंगे और जनता राजनीतिक घटनाक्रम को समझ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
वहीं, मिलन समारोह में रेलडीह के पूर्व उपप्रमुख दिलीप साहू ने फिर से आजसू पार्टी में वापसी की। झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व बुंडू प्रखंड अध्यक्ष चौधरी महतो ने भी आजसू की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा आदिवासी युवा नेता प्रताप सिंह मुंडा के नेतृत्व में चंदन कर्मकार, महेश कर्मकार, गुरुचरण मुंडा, अकाल मुंडा, दुबराज बिंजिया समेत कई लोगों ने पार्टी का दामन थामा। समाजसेवी महेश शर्मा भी आजसू में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पार्टी के कई जिला और केंद्रीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। समारोह के अंत में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और क्षेत्र की जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया गया।


