हालांकि, फिलहाल ट्रेनों के परिचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, रांची एयरपोर्ट से उड़ानों को रद्द करने या उनके मार्ग में बदलाव करने की भी कोई सूचना जारी नहीं हुई है।
रेलवे ने सुरक्षा एजेंसियों को किया अलर्ट
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची रेल मंडल ने एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि फिलहाल ट्रेनों के परिचालन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। मौसम की स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है। परिस्थितियों में बदलाव होने पर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान रेलवे ट्रैक, परिचालन व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी निगरानी
चक्रवात को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रशासन भी सतर्क है। संभावित खराब मौसम और दूसरे क्षेत्रों की मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उड़ानों के परिचालन पर नजर रखी जा रही है।
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार के अनुसार, फिलहाल किसी भी उड़ान को रद्द करने या दूसरे स्थान पर डायवर्ट करने का निर्देश जारी नहीं किया गया है। मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद जरूरत पड़ने पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
यात्रियों के लिए क्या है जरूरी?
फिलहाल रांची से चलने वाली ट्रेनों और यहां से संचालित उड़ानों पर चक्रवात का कोई घोषित प्रभाव नहीं है। हालांकि, मौसम की स्थिति बदलने पर परिचालन संबंधी फैसले लिए जा सकते हैं।
ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन या उड़ान की ताजा स्थिति की जानकारी संबंधित रेलवे या एयरलाइन से जरूर प्राप्त कर लें।


