घाटों की सुरक्षा और सफाई पर विशेष जोर
नगर आयुक्त ने धुर्वा डैम, तिरिल छोटा डैम, जगन्नाथपुर तालाब और हेसाग तालाब सहित विभिन्न जलाशयों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, जलस्तर, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
उन्होंने घाट परिसर में सफाई अभियान चलाने और घास की कटाई कराने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग करने तथा गहरे पानी वाले खतरनाक क्षेत्रों को बांस-बल्लियों और रिबन से घेरने को कहा गया। छठव्रतियों की सुविधा के लिए डबल लेयर वाले अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने का भी निर्देश दिया गया।
धुर्वा डैम और तिरिल छोटा डैम में हटेगी जलकुंभी
धुर्वा क्षेत्र के तिरिल छोटा डैम में जमा जलकुंभी को हार्वेस्टिंग मशीन से हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अंचल कार्यालय की टीम को घाट और जलाशय के आसपास निगरानी रखने तथा कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने को कहा गया।
नगर निगम ने जलाशयों में ठोस या तरल अपशिष्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है।
हातमा तालाब में होगी मरम्मत और सफाई
हातमा तालाब में छठ पूजा से पहले रंग-रोगन, मरम्मत और अन्य जरूरी सिविल कार्य कराने को कहा गया है। जल की सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी के इस्तेमाल का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, घाट की सीढ़ियों पर जमी काई को हटाने पर जोर दिया गया, ताकि फिसलन के कारण श्रद्धालुओं के साथ दुर्घटना की आशंका कम हो सके।
छठ पूजा समितियों से सहयोग की अपील
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने छठ पूजा समितियों से घाटों की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नगर निगम, पूजा समितियों और स्थानीय नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने लोगों से जलाशयों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।
अधिकारियों को नियमित निगरानी का निर्देश
नगर आयुक्त ने सभी अंचल कार्यालयों की टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों और वार्डों में स्थित छठ घाटों की नियमित निगरानी करने को कहा। अधिकारियों को सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि व्रती बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।


