रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची के डेंटल इंस्टीट्यूट में ‘कायाकल्प’ पहल के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इंस्टीट्यूट के ओपीडी परिसर में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में साफ-सफाई, बायोमेडिकल कचरे के सही प्रबंधन और हाथों की स्वच्छता को बढ़ावा देना था।

उल्लेखनीय है कि ‘कायाकल्प’ भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका मकसद सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता, सैनिटेशन और हाइजीन के मानकों को मजबूत कर मरीजों को स्वच्छ व सुरक्षित चिकित्सा वातावरण उपलब्ध कराना है।
एनएसएस समन्वयक डॉ. एस.बी. सिंह और प्रभारी प्राचार्य डॉ. एम.बी. जयप्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र, डॉ. अमित वसंत महुली, डॉ. गौरव कुमार (चिकित्सा उपाधीक्षक) और डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के दौरान ओपीडी परिसर की गहन सफाई की गई।
साथ ही बायोमेडिकल कचरे को रंग के अनुसार अलग-अलग कंटेनरों (कलर कोडेड) में डालने के नियमों और हाथों की सही सफाई की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, इंटर्न और स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से बचाव एवं उसके नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और संक्रमणमुक्त इलाज का माहौल तैयार करने की दिशा में यह अभियान बेहद कारगर साबित होगा।


