
उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर एसी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि दरोगा और कैदी समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित करीब 19 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
दरोगा और कैदी की हुई पहचान, तीन शव अब भी अज्ञात
मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) की पहचान हो चुकी है। बाकी तीन मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को पेशी के लिए गुरुग्राम कोर्ट लेकर गई थी। पेशी के बाद लौटने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
बस में सवार थे करीब 30 यात्री
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री मौजूद थे। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से बाहर गिरकर एक्सप्रेस-वे के नीचे जा गिरे।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

