बड़ी खबर: झारखंड के हर थाने पर रहेगी कैमरों की नजर! अब लॉकअप से पूछताछ तक सबकुछ होगा रिकॉर्ड

झारखंड के सभी 606 थानों में हाईटेक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जहां ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। इस कदम से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड के सभी थानों को अब हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्यभर के थानों में आधुनिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें वीडियो के साथ-साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी सुविधा होगी। झारखंड पुलिस ने इस बड़ी योजना पर काम शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक राज्य के सभी 606 थानों को आधुनिक निगरानी प्रणाली से लैस किया जाएगा।

हर कोना रहेगा कैमरे की निगरानी में

योजना के तहत राज्य के 606 थानों में कुल 8,854 हाईटेक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की खास बात यह होगी कि थाने का कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर नहीं रहेगा। पुलिस हिरासत में होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और पूछताछ के दौरान मनमानी रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई फरियादी लगातार थाने में दुर्व्यवहार की शिकायत करते रहे हैं। ऐसे में CCTV निगरानी से शिकायतों के समाधान में भी मदद मिलेगी।

लॉकअप से लेकर वाशरूम के गेट तक होगी रिकॉर्डिंग

मिली जानकारी के अनुसार थानों में मेन गेट, लॉकअप, कॉरिडोर, लॉबी, रिसेप्शन, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर कक्ष के अलावा वाशरूम तक में कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि रिकॉर्ड हो सके। इस योजना के तहत मंगलवार को रांची के जगरनाथपुर थाना में कैमरों की टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे सिस्टम का जायजा लिया।

इन थानों में शुरू हुआ ट्रायल

फिलहाल ट्रायल के तौर पर रांची के नामकुम थाना, जगरनाथपुर थाना और ST-SC थाना में कैमरे लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा कैमरों की क्वालिटी के साथ माइक्रोफोन सिस्टम की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक CCTV से रिकॉर्ड होने वाली ऑडियो और वीडियो फुटेज को 18 महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।