
नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े कथित मनीलांड्रिंग मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत राज्यभर में कुल 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
ईडी की कार्रवाई में राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित पिनराई विजयन के किराए के आवास को भी शामिल किया गया। जांच एजेंसी कथित वित्तीय लेनदेन और मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही है।
मामले में आरोप है कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) ने वर्ष 2018 से 2019 के बीच विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया। ईडी का दावा है कि यह भुगतान बिना किसी वास्तविक सेवा के किया गया था। ईडी ने इन आरोपों के आधार पर वर्ष 2024 में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसी अब भुगतान से जुड़े दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इस मामले में एक अहम घटनाक्रम मंगलवार को सामने आया, जब केरल हाई कोर्ट ने सीएमआरएल की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें ईडी की कार्रवाई रद्द करने की मांग की गई थी। अदालत के फैसले के बाद ईडी ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है।
फिलहाल ईडी की तलाशी कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत बयान जारी किए जाने का इंतजार किया जा रहा है।

