
रांची : सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के साथ बुधवार को आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर और पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत धनबाद मंडल कारा पहुंचे। यहां इन्होंने आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने कहा कि लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में आजसू नेताओं पर हमले की घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अवैध कोयला कारोबार और माफियातंत्र के विरुद्ध संघर्ष करने वाली आवाजों को ही दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वर्षों से सक्रिय अवैध सिंडिकेट क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और न्याय की मांग उठाने वालों को भयभीत करने का काम कर रहा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनता की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार है। अन्याय, भ्रष्टाचार और माफियातंत्र के खिलाफ हमारी लड़ाई निरंतर, निर्णायक और जनहित में जारी रहेगी।

