
Jharkhand Cabinet: झारखंड सरकार की कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी है। राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते यानी डीए में बढ़ोतरी की गई है, जबकि दिल्ली स्थित झारखंड भवन और न्यू झारखंड भवन में ठहरने का खर्च भी बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही राज्य में 745 नए “अबुआ दवाखाना” खोलने का फैसला लिया गया है।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, सप्तम वेतनमान पाने वाले कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया गया है। वहीं छठा वेतनमान लेने वालों को अब 257 की जगह 262 फीसदी और पंचम वेतनमान वालों को 474 की जगह 483 फीसदी डीए मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी।
इधर, दिल्ली के झारखंड भवन और न्यू झारखंड भवन में ठहरना अब पहले से महंगा होगा। निजी कार्य से रुकने वाले सरकारी कर्मचारियों और अनुशंसित लोगों के लिए कमरे का किराया बढ़ाया गया है। हालांकि मंत्री, हाईकोर्ट जज और सरकारी कार्य से आने वाले कुछ अधिकारियों को राहत बरकरार रहेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य के 24 जिलों में 745 “अबुआ दवाखाना” खोले जाएंगे, जहां एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और सिद्धा पद्धति की दवाएं एक ही जगह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा कैबिनेट ने अस्वस्थ और दिव्यांग कलाकारों के लिए उम्र सीमा खत्म, जैविक खेती योजना, दुमका एयरपोर्ट से उड़ान सेवा, आईटीआई अपग्रेडेशन, और नशा तस्करी की सूचना देने वालों के लिए पुरस्कार नीति जैसे कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।

