रांची : आमलोगों की जेब पर महंगाई का एक और झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार हुई बढ़ोतरी का असर अब आम लोगों की रसोई पर साफ दिखने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने की वजह से बाजार में किराना और खाद्य सामग्री लगातार महंगी होती जा रही है। सबसे ज्यादा असर सरसों तेल की कीमतों में देखने को मिला है, जहां प्रति लीटर करीब 10 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं रिफाइंड तेल भी लगभग 5 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। सिर्फ तेल ही नहीं, बल्कि चावल, दाल, मसाले और किचन में इस्तेमाल होने वाली दूसरी जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ गए हैं। चावल और दाल की कीमतों में करीब 5 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है, जिससे आम परिवारों की चिंता बढ़ गई है। अगर आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों पर लगाम नहीं लगी, तो खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामानों के दाम और बढ़ सकते हैं।

महंगाई की इस मार का सबसे ज्यादा असर गृहिणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों के मासिक बजट पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पहले जिस बजट में पूरे महीने का राशन आराम से आ जाता था, अब उसी सामान के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और अब लोगों को रोजमर्रा के खर्चों में कटौती करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।


