बेनीडीह के अम्बे माइनिंग आउटसोर्सिंग में बड़ा हादसा, डोजर ऑपरेटर की झुलसकर मौत

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कतरास: भारी बारिश के बीच बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र अंतर्गत बेनीडीह में संचालित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी के फेस में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। हॉल रोड पर स्लाइड होने से एक डोजर साइड में जा गिरी। हादसे में डोजर ऑपरेटर सोनू कुमार सिंह (34) की झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। मृतक सोनू कुमार सिंह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगिया गांव निवासी जलेश्वर प्रसाद सिंह के पुत्र थे तथा अंबे माइनिंग कंपनी में कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि सुबह साढ़े 11 बजे से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही थी। बारिश के कारण माइनिंग के फायर फेस में धुआं भर गया था तथा हॉल रोड पर जगह-जगह पानी जमा हो गया था। धुएं से बचने के लिए ऑपरेटर सोनू कुमार डोजर लेकर ग्रीन जोन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हॉल रोड के किनारे स्लाइड मलबे की वजह से डोजर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

जान बचाने के लिए ऑपरेटर ने डोजर के केबिन से कूदकर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन धुएं के कारण वह आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही सहकर्मियों ने उन्हें एम्बुलेंस से इलाज के लिए धनबाद ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।