
Palamu News : पलामू जिले में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। हैदरनगर थाना क्षेत्र में एक निजी निर्माण कंपनी के कैंप पर फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के वर्कशॉप को निशाना बनाने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए हुसैनाबाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और हैदरनगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने को घेर लिया, जिसके बाद भागने की कोशिश कर रहे चारों अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह, संतोष राम, मधुकांत प्रजापति और बिक्रम राम के रूप में हुई है। सभी आरोपी लातेहार जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो 9 एमएम पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां, एक खाली मैगजीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी गिरोह के सरगना के संपर्क में रहकर वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे निर्माण कंपनी को डराकर रंगदारी वसूलने की योजना पर काम कर रहे थे। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क और उसके वित्तीय स्रोतों की जांच में जुट गई है।

