तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर फूटा रिम्स कर्मियों का गुस्सा, प्रशासन और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ किया प्रदर्शन

तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर रिम्स कर्मचारियों का गुस्सा फूटा। कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर वेतन भुगतान और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग उठाई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची स्थित रिम्स में सोमवार को कर्मचारियों का गुस्सा खुलकर सामने आया। पिछले तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी निदेशक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने रिम्स प्रशासन और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ओपीएस लागू करने की भी उठाई मांग

धरने पर बैठे कर्मचारियों ने केवल वेतन भुगतान ही नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार और प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने कहा कि उनका आंदोलन मरीजों के खिलाफ नहीं है। उन्होंने बताया कि कार्य बहिष्कार नहीं किया गया है और अस्पताल की सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए वार्डों और संबंधित कार्यस्थलों पर जूनियर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि प्रशासन जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करेगा।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।