
रांची: राजधानी रांची में अपराध पर नियंत्रण, सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और शहर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार देर रात विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के 15 प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने वाहनों की गहन जांच की।
खेलगांव चौक, शहीद चौक, न्यू मार्केट चौराहा, सुजाता चौक, बिरसा चौक और चांदनी चौक समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।
ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई। ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस के मुताबिक सोमवार को करीब 20 लोग और मंगलवार देर रात तक 11 से 12 अन्य चालक ड्रंकन ड्राइविंग में पॉजिटिव पाए गए।
एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की भी पड़ताल की गई। पुलिस की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में सतर्कता और भय का माहौल देखने को मिला।
सिटी एसपी राकेश सिंह ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जांच प्रक्रिया के दौरान आम लोगों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

