
- कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 31 पुलिस अधिकारियों का तबादला, कई को मिली नई जिम्मेदारी
Police Transfer : राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस क्रम में कुल 31 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। केंद्रीय क्षेत्र पटना के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की स्वीकृति के बाद स्थानांतरण एवं पदस्थापन संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार बुद्धा कॉलोनी, रामकृष्णानगर, शाहपुर, पालीगंज, दुल्हिन बाजार और दनियावां समेत कई महत्वपूर्ण थानों में नए थानाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि नए अधिकारियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
तबादला सूची में शामिल कई अनुभवी पुलिस अधिकारियों को थानों की कमान सौंपी गई है, जबकि कुछ पदाधिकारियों को फील्ड से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा, विशेष आसूचना इकाई (एसआईयू) में कार्यरत कई अधिकारियों को भी फील्ड पोस्टिंग देकर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया और विभागीय आवश्यकताओं के तहत किया गया है। जिन अधिकारियों का एक स्थान पर निर्धारित कार्यकाल पूरा हो चुका था, उन्हें नियमानुसार अन्य स्थानों पर पदस्थापित किया गया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें, ताकि पुलिस कार्यों और आम जनता को मिलने वाली सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

