पटना अपहरण-हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, नेपाल भागने की फिराक में था

पटना के बंटी यादव अपहरण और हत्याकांड के मुख्य आरोपी रविश को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी। पुलिस ने हथियार बरामद कर अवैध शराब गिरोह से जुड़े मामले की जांच शुरू की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: बिहार के पटना जिले में बंटी यादव अपहरण एवं हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान रविश के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार था। पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय बंटी यादव का छह जुलाई को अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। बाद में शनिवार को पटना जिले के अथमलगोला इलाके से उसका सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद हुआ था।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कर्तिकेय के. शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सूचना मिली थी कि रविश नाव के जरिए नदी मार्ग से नेपाल भागने की फिराक में है। इसके बाद कई नदी घाटों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जब वह एक घाट पर पहुंचा और पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस दल पर गोली चला दी जो पुलिस के वाहन में लगी।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रविश के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। एसएसपी ने कहा, ‘‘मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पास से वह हथियार भी बरामद कर लिया गया, जिसका इस्तेमाल उसने पुलिस पर गोली चलाने में किया था। उपचार पूरा होने के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’ शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अपहरण की घटना का संबंध अवैध शराब के कारोबार से जुड़े दो प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से सामने आया है। उन्होंने कहा, ‘‘रविश पहले भी शराब से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। उसके और एक अन्य व्यक्ति के बीच मतभेद इस घटना की वजह बने प्रतीत होते हैं।’’ एसएसपी ने बताया कि अपहरण कांड में चार अन्य लोग भी शामिल थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।