
बॉलीवुड के दमदार अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी विवादित फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ से जुड़े विवाद पर भी खुलकर बात की। हाल ही में एक इंटरव्यू में मनोज ने कहा कि फिल्म के शीर्षक को लेकर जिस तरह की प्रतिक्रिया सामने आई, उसकी उन्हें पहले से उम्मीद नहीं थी। हालांकि जब उन्हें महसूस हुआ कि इससे कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्होंने और उनकी टीम ने बिना देर किए माफी मांग ली।
क्रिएटिव लोगों को सुधार के लिए रहना चाहिए तैयार
मनोज बाजपेयी ने कहा कि रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को हमेशा अपनी गलतियों को स्वीकार करने और उन्हें सुधारने के लिए तैयार रहना चाहिए। उनके अनुसार, अगर किसी शीर्षक, संवाद या प्रस्तुति से लोगों को ठेस पहुंचती है, तो कलाकारों और फिल्म निर्माताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे संवेदनशीलता दिखाएं। अभिनेता ने कहा कि क्रिएटिव लोगों के लिए नए विचारों और शीर्षकों की कोई कमी नहीं होती। उन्होंने कहा कि वे दस अलग-अलग नाम सोच सकते हैं और सभी दर्शकों के लिए उतने ही दिलचस्प हो सकते हैं।
सोशल मीडिया की जल्दबाजी पर भी जताई चिंता
अभिनेता ने सोशल मीडिया के मौजूदा माहौल पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आजकल कई लोग किसी विषय की पूरी जानकारी लिए बिना ही अपनी राय बनाने और व्यक्त करने के लिए उतावले रहते हैं। मनोज का मानना है कि धैर्य और तथ्यों को समझने की प्रवृत्ति धीरे-धीरे कम होती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास सोशल मीडिया पर हर आलोचना या बहस का जवाब देने के लिए न तो समय है और न ही ऊर्जा। वह अपने काम पर ध्यान देना और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ना पसंद करते हैं।

