
कोडरमा : कोडरमा के झुमरीतिलैया में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां एक महिला ने ई-रिक्शा में ही जुड़वा बच्चों को जन्म दे दिया। जानकारी के अनुसार, महिला ई-रिक्शा से प्रसव के लिए एक निजी क्लीनिक जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। देखते ही देखते उसने ई-रिक्शा में ही पहले बच्चे को जन्म दे दिया। इसी बीच मौके पर एएनएम प्रियंका कुमारी की नजर उस महिला पर पड़ी, जो प्रसव प्रक्रिया से गुजर रही थी। उन्होंने तुरंत स्थिति को संभाला और महिला का सुरक्षित तरीके से दूसरे बच्चे का प्रसव कराया। इसके बाद महिला और दोनों नवजात शिशुओं को एंबुलेंस की मदद से कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
रास्ते में ई-रिक्शा में प्रसव की यह घटना देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय पर मदद मिलने से महिला और दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। एएनएम प्रियंका कुमारी ने बताया कि दोनों नवजात और मां पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें आगे के इलाज और जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

