
Jharkhand Election Office: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा ECINET के उपयोग संबंधी ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय सहित सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से उन 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के पदाधिकारियों, आईटी विशेषज्ञों और डेटा ऑपरेटरों के लिए आयोजित किया गया था, जहां मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाना है।
ऑनलाइन प्रशिक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के विशेषज्ञों ने SIR के विभिन्न चरणों में ECINET के उपयोग, डेटा प्रबंधन और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड की ओर से अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारी, आईटी विशेषज्ञ और राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालयों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।
निर्वाचन आयोग की इस पहल से आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तकनीकी दक्षता बढ़ने और प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

