
ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपनी चर्चित ओरिजिनल सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 23 जून को भारत समेत दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में एक साथ स्ट्रीम की जाएगी।
गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था पर आधारित है कहानी
‘द वायरल फीवर’ (TVF) द्वारा निर्मित और ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी इस सीरीज को वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखा है। कहानी काल्पनिक गांव भठकंडी पर आधारित है, जहां ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और सामाजिक चुनौतियों को मनोरंजक और भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
डॉ. प्रभात के मिशन की आगे बढ़ेगी कहानी
दूसरे सीजन की कहानी वहीं से शुरू होगी, जहां पहला सीजन समाप्त हुआ था। अभिनेता अमोल पाराशर एक बार फिर डॉ. प्रभात के किरदार में नजर आएंगे। इस बार उनका लक्ष्य गांव के बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बेहतर बनाना और ग्रामीणों का विश्वास जीतना होगा। हालांकि इस सफर में उन्हें कई नई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ेगा।
पुराने सितारों की वापसी, नई एंट्री का तड़का
सीजन 2 में अमोल पाराशर के साथ विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे। वहीं भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता दिनेश लाल यादव की नई एंट्री दर्शकों के लिए खास आकर्षण मानी जा रही है।

