‘पेड्डी’ विवाद पर डिंपल हयाती ने जाह्नवी कपूर का बचाव किया, कहा- व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराएं

फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर उठे विवाद के बीच डिंपल हयाती ने जाह्नवी कपूर का समर्थन करते हुए कहा कि अभिनेत्रियों नहीं, बल्कि व्यवस्था और निर्माताओं की सोच पर सवाल उठने चाहिए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Film Controversy: अभिनेता राम चरण अभिनीत फिल्म ‘पेड्डी’ में जाह्नवी कपूर के किरदार की हो रही आलोचना के बीच अभिनेत्री डिंपल हयाती उनके समर्थन में आई हैं। हयाती ने कहा कि इसके लिए अभिनेत्री को नहीं, बल्कि ‘‘व्यवस्था और निर्माताओं’’ को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

इस तेलुगु फिल्म को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म के कैमरा वर्क, संवादों और राम चरण तथा जाह्नवी कपूर के बीच के रोमांटिक दृश्यों के जरिए महिलाओं के ‘वस्तुकरण’ की आलोचना की।

हयाती ने रविवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि आज हम सब इस विषय पर बात कर रहे हैं कि अभिनेत्रियों के किरदार कैसे लिखे जाते हैं। जिस किरदार का प्रस्ताव दिया गया, उसे निभाने के बाद अभिनेत्री को ही दोषी ठहराना स्वाभाविक प्रतिक्रिया बन गई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अभिनेत्री को दोष मत दीजिए, बल्कि उस व्यवस्था और निर्माताओं को जिम्मेदार ठहराइए जो वास्तव में सोचते हैं कि यही सब (सिनेमा में) बिकता है… और हम कलाकारों को जो भी अवसर मिलते हैं, हम उसी के दायरे में काम करते हैं ताकि कुछ बड़ा कर सकें और इस उम्मीद में रहते हैं कि हमें बड़ी फिल्मों में काम करने और व्यापक दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलेगा।’’

हयाती ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, हम जो देखते हैं उसी पर विश्वास कर लेते हैं। कोई नहीं जानता कि फिल्म निर्माण में क्या-क्या शामिल होता है; यह किसी एक व्यक्ति की पसंद नहीं होती, लेकिन हम सभी सर्वसम्मति से यह बात रख सकते हैं कि हम बेहतर अनुभव और बेहतर फिल्म निर्माण के हकदार हैं।’’

जाह्नवी कपूर ने ‘पेड्डी’ में अपनी भूमिका से जुड़े इस विवाद पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

ग्रामीण आंध्र प्रदेश (1980 के दशक) की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘पेड्डी’ एक निम्न वर्ग के ग्रामीण (राम चरण) की यात्रा को दर्शाती है, जो अपने समुदाय के लिए पहचान और सम्मान हासिल करने के लिए कुश्ती का सहारा लेता है।

चार जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।