
Ranchi Municipal Corporation : राजधानी रांची के प्रमुख जल स्रोतों में शामिल कांके डैम के संरक्षण, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण के लिए रांची नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। पिछले दिनों नगर आयुक्त द्वारा कांके डैम क्षेत्र का निरीक्षण किए जाने के बाद विभिन्न शाखाओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत अब व्यापक स्तर पर सफाई और संरक्षण कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम की स्वच्छता शाखा और ट्रांसपोर्ट शाखा की संयुक्त टीम डैम में फैली जलकुंभी, गाद और अन्य अवांछित पदार्थों को हटाने में जुटी हुई है। इसके लिए पोकलेन मशीन और वीड हार्वेस्टिंग मशीन की सहायता ली जा रही है। इन आधुनिक मशीनों के माध्यम से जलाशय की सफाई की जा रही है, जिससे डैम की जलधारण क्षमता बढ़ाने और जल की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही डैम के आसपास उगी झाड़ियों और घासों की भी बड़े पैमाने पर कटाई की जा रही है। निगम का मानना है कि इससे न केवल क्षेत्र की स्वच्छता बेहतर होगी, बल्कि कांके डैम के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। इंजीनियरिंग शाखा द्वारा डैम से निकाले गए गाद का उपयोग कैचमेंट एरिया में अस्थायी पैदल मार्ग के निर्माण में किया जा रहा है। इससे डैम क्षेत्र में आने वाले लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
डैम में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए नगर निगम ने ड्रेनों से आने वाले पानी की दिशा बदलने की भी पहल की है।फिलहाल नालों के पानी को आसपास बने अस्थायी तालाबों की ओर मोड़ा जा रहा है ताकि वह सीधे डैम में न पहुंचे। निगम का कहना है कि भविष्य में इसके स्थायी समाधान के लिए भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलाशयों और नालों में कचरा, प्लास्टिक, निर्माण मलबा या अन्य अपशिष्ट न फेंकें।

