गोड्डा : भतडीहा में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि हीरालाल साह, साजिद अंसारी, मिट्ठू कुमार सहित अन्य अज्ञात बदमाशों की ओर से बार-बार चारदीवारी का ताला तोड़कर उपद्रव और दहशत फैलाया जा रहा है। इस बार बदमाशों ने ताला तोड़ने के साथ-साथ गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि उससे रंगदारी की मांग की जा रही है। मांग पूरी नहीं करने पर जान से मारने, चारदीवारी का ताला तोड़ने और जमीन पर जबरन कब्जा दिलवाने की धमकी दी जा रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि इस जमीन को लेकर एसडीओ न्यायालय में धारा 145/146 के तहत मामला लंबित है। इसके बावजूद बार-बार न्यायालय के आदेश और प्रशासनिक प्रक्रिया की अवहेलना करते हुए इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

पीड़ित का कहना है कि इस मामले में वरीय पदाधिकारियों से लेकर जिला प्रशासन तक लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब मामला एसडीओ न्यायालय में लंबित है और धारा 145/146 के तहत कानूनी प्रक्रिया चल रही है, तो फिर बार-बार कानून को हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? आखिर प्रशासन की चुप्पी के कारण ऐसे लोगों का मनोबल क्यों बढ़ रहा है? क्या न्यायालय के आदेश और प्रशासनिक व्यवस्था का कोई महत्व नहीं रह गया है?
पीड़ित ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जान-माल और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


