रांची : बुंडू थाना क्षेत्र में टायर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के टायर, इन्वर्टर, बैटरी, मोबाइल फोन, सोल्डर सहित अन्य सामान बरामद किया है। चोरी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन को भी जब्त किया गया है। मामले को लेकर बुंडू थाना कांड संख्या 61/26, दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को धारा 334(1)/303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

बिरसा मोड़ के पास दुकान में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात बुंडू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ के पास स्थित टायर कॉर्नर दुकान से 26 पीस अपोलो टायर, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद तथा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।

तकनीकी अनुसंधान से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
कांड के उद्भेदन के लिए ग्रामीण एसपी के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा, प्रवीण पातर मुंडा, रमेश सिंह मुंडा तथा तमाड़ थाना क्षेत्र के करण कुमार महतो शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीन आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
चोरी का सामान और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सामानों की बरामदगी की। बरामद सामानों में चोरी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AU-2034), तीन मोबाइल फोन, 16 पीस अपोलो टायर, तीन इन्वर्टर, चार बैटरी तथा एक पीस स्वेल्डर शामिल हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों ने अड़की थाना क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर और एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में चोरी किए गए सामान को भी करण कुमार महतो के घर से बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य सामानों की बरामदगी भी की गई है।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध अड़की थाना में वर्ष 2011 में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में शामिल रहे अधिकारी
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू ओम प्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो सहित अनुसंधानकर्ता एवं तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।


