जमशेदपुर : चांडिल के साप्ताहिक हाट से घर लौट रहे दो बाइक सवार गुरुवार देर रात सड़क हादसे में घायल हो गए। घटना चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर भालुककोचा के पास हुई, जहां एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घायलों में एक युवक रावताड़ा का निवासी है, जबकि दूसरा मूल रूप से धनबाद का रहने वाला है और इन दिनों अपनी बुआ के घर आया हुआ था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, धनबाद के युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।



