हजारीबाग : जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से अंशु दुबे नाम का आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, उरीमारी में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना में अंशु दुबे शामिल था। उसने अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराया था और पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया था। साथ ही उसने पुलिस को बताया कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार कर्मा टिल्हा के जंगल में छिपाकर रखा गया है।

गुरुवार रात करीब 8 से 8:30 बजे पुलिस उसे लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची। इसी दौरान अंशु ने छिपाए गए हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। घटना में कोई अन्य घायल नहीं हुआ। पुलिस ने हथियार और एक पर्चा भी बरामद किया है। थाना प्रभारी इकबाल के अनुसार, घायल आरोपी खतरे से बाहर है। मामले की आगे जांच जारी है।


