
नई दिल्ली : विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने और एकजुट होकर आगे बढ़ने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए आज बैठक करेंगे। राष्ट्रीय राजधानी के ‘कॉन्स्टीट्यूशन क्लब’ में होने वाली इस बैठक में कांग्रेस के राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और शिवसेना (उबाठा) के उद्धव ठाकरे समेत 23 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को बताया कि 23 राजनीतिक दलों ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में भागीदारी की पुष्टि की है। रमेश ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।

