जयपुर में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट बंद

जयपुर में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत धार्मिक ढांचे हटाए जा रहे हैं। एहतियातन कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट बंद कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जयपुर: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) शहर के एक क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए उसकी सीमा में आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने के उद्देश्य से सोमवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रहा है, जिसे देखते हुए एहतियात के तौर पर जयपुर जिला प्रशासन ने शहर के कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।
एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व पुलिस जिलों में रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। इसके साथ ही सामूहिक रूप से एसएमएस और एमएमएस भेजने की सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है। सोशल मीडिया मंचों तक पहुंच भी प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, फोन कॉल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी।

संभागीय आयुक्त वी. श्रवण कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट आधारित संचार माध्यमों के दुरुपयोग की आशंका, अफवाहों पर रोक लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। जयपुर के पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल मंचों के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने अथवा भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जेडीए का अतिक्रमण हटाने का अभियान सोमवार सुबह जगतपुरा के नंदपुरी अंडरपास से शुरू हुआ। इसके तहत रेलवे लाइन के समानांतर सड़क को 80 फुट तक चौड़ा किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले पांच धार्मिक ढांचों-एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार को इस अभियान के दौरान हटाया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में करीब 3,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने इलाके के कुछ हिस्सों में लोगों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया है और ड्रोन के माध्यम से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत संबंधित क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।