
Koderma News : डोमचांच थाना क्षेत्र के जानपुर गांव में एक 40 वर्षीय युवक का शव कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पंकज चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि मृतक की पत्नी ने जमीन विवाद को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पंकज चौधरी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और पत्नी व दो बच्चों के साथ गांव में रह रहे थे। सोमवार सुबह उनके घर के समीप स्थित कुएं से शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पत्नी रिंकी देवी ने बताया कि सोमवार तड़के करीब चार बजे उनकी नींद खुली तो पंकज घर में नहीं थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद गांव के मुखिया और ग्रामीणों को सूचना दी गई। सामूहिक तलाश के दौरान कुएं में एक शव दिखाई दिया, जिसे बाहर निकालने पर उसकी पहचान पंकज चौधरी के रूप में हुई।
रिंकी देवी का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण उनके पति की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया। उनका कहना है कि कुछ रिश्तेदारों और हिस्सेदारों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और तीन दिन पहले भी उनके पति को धमकी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद से जुड़े कुछ लोगों ने पहले भी उनके पति के साथ मारपीट की थी और गांव छोड़ने का दबाव बना रहे थे।
परिजनों का दावा है कि शव पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
ग्रामीणों के अनुसार, पंकज चौधरी के परिवार का पैतृक जमीन को लेकर विवाद काफी पुराना था। करीब छह महीने पहले अपनी मां के निधन के बाद वह परिवार सहित जानपुर लौटे थे और पैतृक जमीन पर रहने लगे थे। इसके बाद से जमीन को लेकर विवाद और गहरा गया था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

