
धनबाद: जिले में स्कूल से बाहर रह गए दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर 15 जून से 24 जून तक विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत ऐसे दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें उनके पोषक क्षेत्र के नजदीकी विद्यालयों में नामांकित कराया जाएगा, जो किसी कारणवश अब तक विद्यालय से दूर हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। शिक्षा विभाग की टीम घर-घर संपर्क कर बच्चों की जानकारी जुटाएगी और अभिभावकों को नामांकन के लिए प्रेरित करेगी। जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाकर अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन अवश्य कराएं।

