
बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन थाना प्रभारी और एक चालक शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार तीनों थाना प्रभारी मधेपुरा जिले में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पास हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि देर रात उनकी कार पीछे से एक ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रतवारा थानाध्यक्ष सज्जन कुमार, बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस दर्दनाक हादसे ने पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

