
रांची : लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम पोटमाडीह में जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई और उसके बेटों ने बड़े भाई की टांगी से वार कर हत्या कर दी। हमले में मृतक की पत्नी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक कामिल ब्रेक, 65 वर्ष, और आरोपी छोटा भाई पोलिकॉप ब्रेक के बीच दो साल से जमीन विवाद चल रहा था। पोलिकॉप कई साल बाद असम से लौटा था। गांव सभा में पंचों और परिवार की सहमति से दोनों भाइयों में समझौता कर जमीन बांट दी गई थी। आरोप है कि कामिल ब्रेक ने छोटे भाई के हिस्से वाली जमीन में गोबर खाद डाल दिया। जब पोलिकॉप का बेटा खेत जोतने गया तो विवाद बढ़ गया। पूछताछ करने गए छोटे बेटे पर कामिल के परिवार ने हमला कर दिया।
इसके बाद पोलिकॉप अपने चारों बेटों के साथ डंडे लेकर कामिल के घर पहुंचा। मारपीट के दौरान कामिल ने घर से टांगी निकालकर धमकाया। आरोप है कि पोलिकॉप और उसके बेटों ने टांगी छीनकर कामिल, उसकी पत्नी सलोमी खाखा, 60 वर्ष, और बेटे निलेश ब्रेक के सिर पर वार कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने से कामिल की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सलोमी और निलेश को गंभीर हालत में गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक की एक बेटी कार्मेल हॉस्पिटल महुआडांड़ में काम करती है, जो घटना की सूचना पर एम्बुलेंस लेकर पहुंची और घायलों को अस्पताल लाई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजा गया है।

